16 डिग्री या 24 डिग्री… किस सेटिंग पर कमरा जल्दी ठंडा होता है?

आमतौर पर हम सोचते हैं कि एसी को 16 डिग्री पर सेट करने से यह ज़्यादा ठंडक देगा और कमरा जल्दी ठंडा हो जाएगा… या 20 या 24 डिग्री पर कम ठंडक देगा और कमरा देर से ठंडा होगा, जबकि यह धारणा एकदम गलत है। 
 
दरअसल हमारे घरों, ऑफिसों, शोरूम्स या होटलों में लगे हुए सभी एसी (विंडो और स्प्लिट, दोनों) में कम्प्रेसर एक ही (फिक्स्ड) स्पीड से चलता है, उसमें कोई स्पीड कंट्रोल करने की सुविधा नहीं होती। इसका मतलब यह है कि वो एक ही स्पीड से ठंडा करेगा। चाहे आप 16 पर सेट करें या 24 पर, AC के अंदर से निकलने वाली हवा का तापमान आमतौर पर हमेशा एक जैसा (काफी ठंडा, करीब 10°C – 12°C) ही होता है। इसका अर्थ यह है कि यदि आपके कमरे का तापमान अभी 40°C है, तो उसे 28°C तक पहुँचने में उतना ही समय लगेगा चाहे आपने रिमोट से 16 पर सेट कर रखा हो या 24 पर। क्योंकि कंप्रेसर तो दोनों स्थितियों मे अपनी पूरी (Fixed) क्षमता से ही काम करता है।
 
तो फिर, स्क्रीन पर या रिमोट से जो तापमान आप सेट करते हैं, वो क्या है? यदि वह सेटिंग ठंडक को कंट्रोल नहीं कर रही तो आप उससे क्या कंट्रोल कर रहे हैं?
 
AC के रिमोट पर आप जो नंबर सेट करते हैं या स्क्रीन पर दिखाई देने वाला यह तापमान, ‘एसी से निकलने वाली हवा’ का नहीं, बल्कि ‘कमरे के तापमान का लक्ष्य’ (Cut-Off Room Tempreture) है। उसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि AC से निकलने वाली हवा 16 या 24 डिग्री की होगी। दरअसल यह तापमान एसी के लिए निर्देश है कि जब कमरे का तापमान आप के द्वारा सेट किए हुए तापमान के बराबर हो जाए, तब कंप्रेसर ‘ऑफ’ हो जाए। यानी आप इसके ‘कट ऑफ’ टैम्प्रेचर को सेट कर सकते हैं कि कमरे का तापमान इस ‘कट ऑफ’ पर पहुँचते ही कम्प्रेसर बंद हो जाए। फिर थोड़ी देर बाद, जब कमरे का तापमान बढ़ने लगता है और आपके सेट किए हुए तापमान से ज़्यादा होता है, उसी समय एसी का कम्प्रेसर फिर से ‘ऑन’ हो जाता है।
 
पहली बात, अगली बार आप एसी के सामने बैठकर, उसे ‘ऑन’ करते ही कमरा जल्दी ठंडा करने के लिए 16 डिग्री पर या कम ठंडक के लिए 24 डिग्री पर सेट करने की गलती ना करें, क्योंकि अब आप समझ चुके है कि एसी का कम्प्रेसर एक ही स्पीड पर ठंडा कर सकता है। हाँ, आप इसके ‘ब्लोअर’ (पंखे) की स्पीड और ब्लेड की दिशा बदल कर हवा की स्पीड और उसकी दिशा नियंत्रित करके ‘अच्छा महसूस’ कर सकते हैं।
 
दूसरी बात, गर्मियों में जब बाहर का तापमान 42 से 46 डिग्री हो तब कमरे का तापमान बहुत नीचे तक पहुँचना संभव भी नहीं होता या फिर इसमें काफी समय लग सकता है। अब यदि आपने ‘कट ऑफ’ 16 डिग्री पर सेट किया है तो जब तक कमरे का तापमान 16 डिग्री नहीं हो जाता, कम्प्रेसर लगातार चलता रहेगा, गर्म होता रहेगा, उस पर लोड पड़ेगा और इसमें बिजली भी ज़्यादा खर्च होगी। 
 
इसकी बजाय यदि आपने एसी को 24 या 26 डिग्री पर सेट किया है तो इसकी संभावना अधिक है कि कमरे का तापमान इतना हो जाए और सेटिंग के हिसाब से कम्प्रेसर ‘ऑफ’ हो जाए और तब सिर्फ पंखा (ब्लोअर) चलता रहेगा। इससे कम्प्रेसर को राहत भी मिल जाएगी, और बिजली की भी बचत होगी।
 
प्रो टिप: 24°C को हमारे शरीर के लिए सबसे आरामदायक और बिजली की बचत के लिए सबसे अच्छा तापमान माना जाता है।
(इस जानकारी से आपके किसी अपने का फायदा हो सकता है, इस पेज को अपने ग्रुप में शेयर जरूर करें)

शॉप Smart. Live स्मार्ट.